धनबाद: साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव से पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी के दौरान तीन लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, 16 एटीएम कार्ड, 23 बैंक पासबुक और 10 चेकबुक समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल फोन में चार आईफोन भी शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बरामदगी के बाद पुलिस आरोपितों के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।
एसएसपी के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन साइबर शील्ड चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में 17 पुलिस पदाधिकारियों और 80 महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई थी। 14 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में कुछ साइबर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम ने गांव में छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी निवासी राजू कुमार मंडल, अजीत कुमार मंडल और उत्तम कुमार मंडल शामिल हैं। इनके अलावा देवघर जिले के मरगोमुंडा थाना क्षेत्र के गगनपुर निवासी दिलीप कुमार मंडल तथा कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह निवासी उमेश कुमार राणा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और बरामद डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।





