हजारीबाग: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावां स्थित वैष्णवी ज्वेलरी में हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य सरगना समेत पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 48.26 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 4.051 किलोग्राम चांदी के जेवरात समेत घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा, गोली, चाकू और अन्य सामान बरामद किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर गठित छापेमारी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए अपराधियों की पहचान की। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गोरहर थाना क्षेत्र से पांचों अपराधियों को गिरफ्तार किया।

25-26 सितंबर 2026 की रात चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावां स्थित वैष्णवी ज्वेलरी में अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान दुकान से सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए गए थे। मामले में चौपारण थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था,टीम ने जांच के दौरान तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पांचों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में अपराधियों ने डकैती की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर धनबाद जिले के हरिणा स्थित विजय ज्वेलर्स से लूटे गए करीब 48.26 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग 4.051 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
इसके अलावा चौपारण थाना क्षेत्र के ढाब सलोनिया स्थित एक क्रशर के पास टूटे-फूटे मकान से घटना में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक चाकू, एक पेचकस और एक प्लास बरामद किया गया। पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, दो हेलमेट और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में हजारीबाग, गिरिडीह और जमशेदपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में ज्वेलरी दुकानों की रेकी करने और लूटपाट की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है। अपराधियों का पूर्व में भी डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है।
गिरोह के सदस्यों ने 10 सितंबर 2026 की रात बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में भी लूटपाट की घटना को अंजाम देने की बात बताई है। इसके अलावा 9 अक्टूबर 2026 की रात चांडिल थाना क्षेत्र में एक सोना व्यापारी के घर से सोने-चांदी के आभूषण लूटने की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है। पुलिस इन घटनाओं की कड़ियों की जांच कर रही है।
पुलिस ने मोहिउद्दीन अंसारी ,गुलजार अंसारी , सद्दाम अंसारी , सोबराती अंसारी और शेख जमील को गिरफ्तार किया है। इनमें चार अपराधी धनबाद और बोकारो जिले के निवासी हैं, जबकि शेख जमील का वर्तमान पता बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र का नवडीहा बताया गया है।






