लातेहारः बरवाडीह के मंगरा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के पांच छात्रों ने प्रधानाध्यापक पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वह सोमवार दोपहर को विद्यालय की चहारदीवारी फांदकर बरवाडीह प्रखंड कार्यालय पहुंचे। इनमें कक्षा आठवीं और नौवीं के छात्र थे। बच्चों ने बीडीओ रेशमा रेखा मिंज, जिप सदस्य संतोषी शेखर और सांसद प्रतिनिधि दीपक राज के सामने अपनी शिकायत रखी।
उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार पर छोटी-छोटी बातों को लेकर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। छात्रों ने बताया कि प्रधानाध्यापक द्वारा कई बार उन्हें 50 से 60 डंडे तक मारे जाते हैं। उन्हें विद्यालय से बाहर निकालने की धमकी दी जाती है। छात्रों की शिकायत सुनने के बाद विद्यालय के अन्य शिक्षकों से मामले की जानकारी ली गयी।

शिक्षकों ने बताया कि कुछ बच्चों के साथ प्रधानाध्यापक अधिक सख्ती करते हैं। कई बार शिक्षकों ने बचों को बचाने का भी प्रयास किया है। फिर सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने इसकी जानकारी सांसद कालीचरण सिंह को दी, जिसके बाद सांसद ने अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया है। सांसद के निर्देश के बाद विद्यालय के अन्य शिक्षक बरवाडीह प्रखंड कार्यालय पहुंचे और बच्चों को वापस विद्यालय ले गये।
छात्रों द्वारा लगाये गए आरोप पर प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार ने कहा कि बच्चों की गलती पर उन्हें सुधारने के लिए थोड़ी कड़ाई की गयी है। मारपीट और दंडित करने का आरोप पूरी तरह गलत है। बच्चे विद्यालय से भाग जा रहे हैं। इस कारण थोड़ी सख्ती बरती गयी है।





