कटिहार: नगर थाना क्षेत्र के हरिगंज पटेल चौक पर सोमवार को दिनदहाड़े युवा अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान रोजीतपुर निवासी अजीमुद्दीन उर्फ गुड्डू अंसारी, पिता अलीमुद्दीन अंसारी के रूप में हुई है। वह रोज की तरह घर से न्यायालय जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटेल चौक के पास तीन से चार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। पहले बेल्ट से पिटाई की और फिर गोली मारकर फरार हो गये। स्थानीय लोगों ने घायल अधिवक्ता को ई-रिक्शा से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कटिहार में अपराधियों ने वकील गुड्डू अंसारी को मारी गोली
#katihar #bihar https://t.co/Lc7JpN93YT
— Live Dainik (@Live_Dainik) October 5, 2026
रास्ते में रोका, बेल्ट से पीटा और फिर मार दी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजीमुद्दीन उर्फ गुड्डू अंसारी सोमवार को न्यायालय जाने के लिए घर से निकले थे। पटेल चौक के पास तीन से चार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि अपराधियों ने पहले उनकी बेल्ट से पिटाई की। इसके बाद गोली मारकर मौके से फरार हो गये।
गोली लगने के बाद अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने उन्हें ई-रिक्शा से सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। अधिवक्ता की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ विशाल आनंद, नगर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर खंगाले सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी परिचय कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से वारदात की जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। एसपी परिचय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश में हत्या की बात सामने आयी है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
24 घंटे में गिरफ्तारी का एसपी ने किया दावा
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी है। एसपी ने दावा किया कि 24 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नगर थाना पुलिस मामले की जांच के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।





