धनबाद: वासेपुर के भूली मोड़ पर दो दिन पहले गैंगस्टर खान के भाई शानू खान समेत एक दुकानदार और महिला पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले अपराधियों की तलाश में बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से करीब डेढ़ दर्जन राउंड फायरिंग हुई।


पुलिस की जवाबी कार्रवाई में भूली मोड़ गोलीकांड का शूटर चंदन ठाकुर दो गोलियां लगने से घायल हो गया। वहीं पुलिस से बचकर भागने के दौरान बाइक चालक प्रिंस कुमार खदान में गिर गया, जिससे उसे भी गंभीर चोट आई। दोनों को इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सनद रहे बासेपुर में चंदन ठाकुर ने गोली चलायी थी, जबकि उसकी बाइक प्रिंस चला रहा था।मामले में रेकी आमिर ने की थी। बासेपुर घटना के मात्र दो दिन के अंदर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने मामले का उदभेदन कर दिया है।



धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि भूली मोड़ गोलीकांड में शामिल अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की।पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन अपराधी पुलिस को निशाना बनाकर फ़ायरिंग करने लगे।
एसएसपी ने बताया कि अपराधियों ने जब फ़ायरिंग की तब पुलिस की तरफ़ से भी जवाबी फ़ायरिंग की गई। पुलिस की फ़ायरिंग में दो अपराधी को गोली लगी। जबकि दो अन्य अपराधियों को पुलिस ने हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। घायल दोनों अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।





