गढ़वा फोरलेन पर दर्दनाक हादसा, स्टेयरिंग फेल होने के बाद अनियंत्रित हुई वैन पुल से टकराई, दो की मौत, तीन गंभीर

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 23, 2026

गढ़वा फोरलेन पर दर्दनाक हादसा, स्टेयरिंग फेल होने के बाद अनियंत्रित हुई वैन पुल से टकराई, दो की मौत, तीन गंभीर

गढ़वा : रमना थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा परसवान गांव के समीप फोरलेन पर उस समय हुआ, जब यात्रियों से भरी मैजिक वैन अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज निवासी हबीबन बीबी (30) और महावीरगंज निवासी राजदेव (45) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों में कोरमा निवासी कलावती देवी (35), कनकपुर निवासी अनीता देवी (40) और चकाई निवासी पूजा गुप्ता (30) शामिल हैं। अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, सभी यात्री बंशीधर नगर में आयोजित डीएक्सएन मिशन की बैठक में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बुधवार तड़के सभी मैजिक वैन से वापस छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। रमना के परसवान गांव के पास अचानक वाहन का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक जब तक वाहन को संभाल पाता, वैन अनियंत्रित होकर पुल से जा भिड़ी।

See also  आईएएस मनीष रंजन ने ईडी का पहला सम्मन किया मिस, मांगी है दूसरी तारीख ; टेंडर कमीशन घोटाले में पूछताछ के लिए था बुलाया गया

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन में सवार दो यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर रमना थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में स्टेयरिंग फेल होना हादसे की वजह बताई जा रही है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now