पलामूः चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में करमा पूजा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कोयल नदी में डूबने से 5 युवकों की मौत हो गई, जिसमें चार युवकों का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि एक युवक की तलाश जारी है। मृत चारों लड़के पतरिया गांव के रहने वाले थे।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चार युवकों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, पांचवें युवक की तलाश में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है।चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि घटना में चार लड़कों की मौत हुई है। वहीं एक लड़का लापता है।पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जानकारी इकट्ठा कर रही है।


स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि चार लड़कों की मौत हुई है। सभी नदी में करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने गए थे। सभी लड़कों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच की है। जिस इलाके में यह घटना हुई है, उस इलाके में कोयल नदी की तेज धारा गुजरती है। सभी लड़के तेज धार की चपेट में आ गये।




