कोडरमाः जिले के लोचनपुर गांव में एक नाबालिग लड़की से मिलने पहुंचे उसके दो नाबालिग दोस्तों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो वे लड़की के घर पहुंच गए और तीनों को पकड़कर गांव में बिजली के खंभे से बांधा और फिर पिटाई की।
घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के लोचनपुर गांव की है। बताया गया कि रविवार देर रात दोनों नाबालिग लड़की के घर पहुंचे थे। सोमवार सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद कुछ लोग वहां पहुंचे और तीनों को पकड़ लिया। ग्रमीणों ने तीनों को गांव में घुमाने के बाद बिजली के खंभे से रस्सी से बांध दिया और भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराने की हिदायत देते हुए माफी मंगवाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों नाबालिगों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई।

हरकत पर अलग-अलग प्रतिक्रिया
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच भी अलग-अलग राय सामने आई। कुछ लोगों ने इसे गांव के माहौल से जोड़ते हुए ग्रामीणों की कार्रवाई को उचित बताया, जबकि कई लोगों ने नाबालिगों को इस तरह सार्वजनिक रूप से दंडित किए जाने पर सवाल उठाए और कहा किस तरह कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इधर कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है। इनके स्वजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





