रांचीः सिमडेगा से लापता 13 साल के नाबालिग को रांची के नामकुम स्टेशन के पास से बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग को सिमडेगा से बस के जरिए रांची लाया था और उसे ट्रेन के माध्यम से कहीं और ले जाने की तैयारी में था।
मामले में पुलिस ने पोक्सो एक्ट समेत बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग की मामी ने 16 सितंबर की शाम सिमडेगा थाना में उसके लापता होने की सूचना दी थी।

नामकुम रेलवे स्टेशन के पास से बरामद हुई बालिका
नाबालिग के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने उसे रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान नाबालिग ने घटना से संबंधित जानकारी दी।
धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय आरोपी पर घर ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने बताया कि 14 सितंबर को वह स्कूल से कड़ामुखा में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में गई थी। कार्यक्रम से लौटते समय आरोपी अभिनाष बरजो उसे अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसके साथ यौन अपराध किया गया। साथ ही किसी को इसकी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
बस से रांची लाया, ट्रेन से कहीं और ले जाने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को आरोपी नाबालिग को बस के जरिए रांची लेकर आया। इसके बाद नामकुम रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए उसे कहीं और ले जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बरामद कर लिया।
बीएनएस और पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी
मामले में सिमडेगा थाना में बीएनएस और पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी अभिनाष बरजो, पिता अमरजीत बरजो, निवासी कल्हटोली बघचंडी, थाना कोलेबिरा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को 19 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





