दरभंगा में BDO के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, आय से 1.70 करोड़ ज्यादा संपत्ति होने का आरोप

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 8, 2026

दरभंगा में BDO के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, आय से 1.70 करोड़ ज्यादा संपत्ति होने का आरोप

दरभंगाः बहादुरपुर प्रखंड के BDO आनंद कुमार विभूति के 5 ठिकानों पर मंगलवार सुबह से आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम छापेमारी कर रही है। पटना से पहुंची टीम ने सैदनगर मोहल्ले के जनकपुरी स्थित आवास पर छापेमारी की। EOU की टीम पूरे घर की तलाशी ले रही है। इसके साथ ही बहादुरपुर प्रखंड कार्यालय और मुजफ्फरपुर समेत कुल चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी गई। कार्रवाई का नेतृत्व ईओयू के डीएसपी कर रहे हैं।

सामान लेने निकले थे, छापे की सूचना मिली
बताया जाता है कि छापेमारी के समय बीडीओ घर का सामान लाने के लिए निकले हुए थे। इसी दौरान उन्हें अपने आवास पर ईओयू की कार्रवाई की जानकारी मिली। इसके बाद वह वापस आवास पर नहीं लौटे। उनके आवास पर फिलहाल उनकी पत्नी मौजूद हैं, जिनसे ईओयू की टीम पूछताछ कर रही है।
पांच मंजिला मकान में किराए पर रहते हैं BDO
बीडीओ जनकपुरी स्थित पांच मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर कमरा संख्या 101 में किराए पर रहते हैं। उनकी गाड़ी आवासीय परिसर में ही खड़ी है। छापेमारी के दौरान आवास के बाहर बहादुरपुर थाने की पुलिस तैनात रही। बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

See also  रांची में वज्रपात का कहर, तीन मासूम बच्चियों की मौत पर स्वास्थ्य मंत्री ने किया मुआवजे का एलान

 

कागजात से आभूषण तक की जानकारी जुटा रही टीम
ईओयू की टीम घर में रखे कागजात और विभिन्न दस्तावेजों की जांच कर रही है। आभूषण समेत अन्य सामानों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसी समय बहादुरपुर प्रखंड कार्यालय में भी टीम दस्तावेज खंगालने में जुटी है। हालांकि, छापेमारी किस मामले में की जा रही है और अब तक क्या-क्या मिला है, इस संबंध में ईओयू के अधिकारी फिलहाल कुछ बताने से बच रहे हैं।

चिकित्सक के मकान में रह रहे BDO
जिस मकान में बीडीओ किराए पर रहते हैं, उसके मालिक चिकित्सक डा. अमित कुमार बताए जाते हैं। वे दरभंगा शहर के निजी अस्पतालों में कार्यरत हैं।

मुजफ्फरपुर से भी जुड़ा है परिवार
जानकारी के अनुसार, बीडीओ की पत्नी रितु आनंद सहनी मुजफ्फरपुर जिले की पूर्वी भाजपा जिला मंत्री रह चुकी हैं। मुजफ्फरपुर शहर के दादरपुल इलाके में उनका आवास भी बताया जा रहा है। ईओयू की कार्रवाई में मुजफ्फरपुर समेत चार स्थानों को शामिल किए जाने से मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब छापेमारी पूरी होने और ईओयू की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
BDO के पास आय से 121.87 प्रतिशत अधिक संपत्ति
बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला पहले से निगरानी विभाग में दर्ज है। आर्थिक अपराध इकाई की जांच में बीडीओ के पास ज्ञात आय के स्रोतों से 121.87 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का मामला सामने आया है।जांच में करीब 1.71 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रमाण मिलने के बाद मंगलवार सुबह उनके विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई थाना में सात सितंबर को कांड संख्या 21/26 दर्ज किया गया था।

इसी मामले की जांच के क्रम में टीम ने मंगलवार सुबह करीब आठ बजे बहादुरपुर स्थित बीडीओ के किराए के आवास पर छापेमारी शुरू की। इसके अलावा पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया थाना क्षेत्र के ललबगिया, पटना के दानापुर स्थित साईं अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या दो तथा मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर रोड नंबर एक स्थित निजी आवास पर भी छापेमारी कर रही है। बताया जाता है कि आनंद कुमार विभूति करीब दो माह पूर्व मुजफ्फरपुर जिले के कांटी प्रखंड से स्थानांतरित होकर बहादुरपुर पहुंचे हैं। उन्होंने यहां बीडीओ का प्रभार ग्रहण किया था। इससे पहले उनके खिलाफ निगरानी विभाग में भ्रष्टाचार करने से संबंधित शिकायत मिलने की बात सामने आई थी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now