गुमला : भरनो प्रखंड के गढ़ाटोली गांव में रविवार उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के लिए पत्नी से पैसे नहीं मिलने से नाराज एक युवक बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने पर भरनो थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए रखी। जानकारी के अनुसार गढ़ाटोली निवासी बुधनाथ उरांव (35) रविवार दोपहर शराब के नशे में पत्नी से विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगे। पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर बुधनाथ घर से निकलकर गांव के समीप स्थित हाईटेंशन टावर के पास पहुंचा और उस पर चढ़ने लगा।



युवक को टावर पर चढ़ता देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोग मौके पर जुट गए और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने लगे। काफी देर तक ग्रामीणों और पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह तत्काल नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इस दौरान परिजन भी चिंतित रहे।
बाद में पत्नी ने टावर के नीचे से उसे समझाते हुए नीचे आने का आग्रह किया। पत्नी के बार-बार समझाने और मिन्नत करने के बाद बुधनाथ स्वयं टावर से नीचे उतर आया। उसके सुरक्षित नीचे उतरने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने भी युवक को समझाते हुए भविष्य में इस तरह जान जोखिम में डालने वाली हरकत नहीं करने की सलाह दी। युवक के नीचे उतरने के बाद गांव में स्थिति सामान्य है।






