जामताड़ा: जिले के झिलुआ स्थित आईआरबी-1 (इंडियन रिजर्व बटालियन) में पदस्थापित 55 वर्षीय डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह की गुरुवार देर रात अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह किचन में गिर गए थे। घटना के बाद आईआरबी के अधिकारियों व कर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए जामताड़ा के पारस अस्पताल लाया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने 55 वर्षीय डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत जिले के कई वरीय अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
बताया गया कि प्रमोद कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के आरा जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में रांची के कटहल मोड़ में मकान बना कर पूरा परिवार के साथ रह रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। एसडीओ आनंद कुमार ने भी अस्पताल आकर जानकारी ली।







