बेतिया: NH-727 के बेतिया-लौरिया मार्ग में बसवरिया और पराउटोला के बीच शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही बस ने सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंद दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
मृतकों में दो की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जाता है कि धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार को छठिहार का आयोजन था।उनका घर एनएच-727 के किनारे स्थित है। समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम रखा गया था। आसपास के लोग सड़क किनारे खड़े होकर ऑर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी दौरान यह भीषण हादसा हो गया।
तेज रफ्तार बस ने लोगों को कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था, जबकि लौरिया की ओर से शाही बस बेतिया की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी।इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बस की चपेट में आने से मौके पर चीख-पुकार मच गई।हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई।
3 ने अस्पताल में तोड़ा दम, एक झटके में उजड़े परिवार

हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायलों की अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम शामिल हैं। दुर्घटना में घायल 5 अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।जिस घर में कुछ देर पहले सोहर और बधाइयां गाई जा रही थीं, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें आ रही हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।






