नालंदाः नूरसराय प्रखंड के मध्य विद्यालय परासी में मंगलवार को मध्याह्न भोजन(MDM) खाने के बाद 34 छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गयी। बच्चों ने उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत की। कुछ बेहोश होकर गिर पड़े। बच्चों को नजदीकी डेंटल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उन्हें मॉडल अस्पताल बिहारशरीफ भेजा गया। वहां बच्चों को इमरजेंसी में इलाज करने के बाद उन्हें गहन शिशु चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया। कुछ अभिभावक बच्चों को स्थानीय अस्पतालों में भी ले गये। मॉडल अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पहली पंगत में खा रहे कुछ बच्चों ने अलग से नमक मांगा था।

आशंका है कि रसोइया ने गलती से नमक की जगह डिटर्जेंट पाउडर दे दिया, जिसे खाने से बच्चों की तबीयत बिगड़ गयी। मंगलवार को मेनू के अनुसार बच्चों को सोयाबीन-चावल परोसा गया था। कुछ बच्चे खाना खा चुके थे।घटना की सूचना मिलते ही डीईओ हेमचंद्र सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी पहुंचे। डीईओ ने कहा कि भोजन के नमूने की जांच करायी जायेगी।







