हजारीबाग: बड़कागांव-केरेडारी मुख्य मार्ग पर देशवारी के समीप शनिवार देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतू निवासी यासिम अपनी पत्नी और पुत्री के साथ बाइक से अपनी पत्नी के मायके जोको जा रहे थे। इसी दौरान देशवारी के पास विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल तीनों घायलों को केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद यासिम और उनकी पुत्री को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हुआ चालक
दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान कर तलाश में जुटी है।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार वाहन चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।






