लोहरदगा : किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान से बड़ा योगदान शायद ही कोई हो। इसी संदेश के साथ लोहरदगा समाहरणालय परिसर में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर हुए रक्तदान शिविर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समाहरणालय संवर्ग और पुलिस विभाग के कुल 32 अधिकारियों व कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदान शिविर का उद्धाटन पायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी और उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम ने फीता काटकर किया। इसके बाद रक्तदान की प्रक्रिया शुरू हुई। शिविर में सबसे पहले समाहरणालय की राजस्व शाखा में कार्यरत बिजनेस एनालिस्ट तृष्या सिन्हा ने रक्तदान किया। इसके बाद डीसी-एसपी और डीडीसी समेत विभिन्न जिले के विभिन्न कार्यालयों के पदाधिकारियों व कर्मियों ने रक्तदान कर दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

डीसी बोले- रक्तदान से मिलती है किसी को जिंदगी
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन देने का माध्यम है। स्वस्थ लोगों को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति विकसित होने से जरूरत के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल एक शिविर तक सीमित नहीं है। लोगों में नियमित स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर जागरूकता पैदा करना भी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने जिलेवासियों से इस मानवीय पहल से जुड़ने की अपील की।


एसपी बोले- रक्तदान हम सभी की जिम्मेदारी
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि रक्तदान हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने वाला साबित हो सकता है। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मियों के साथ आम लोगों से भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यालय प्रधानों को पहले ही दिए गए थे निर्देश
शिविर को सफल बनाने के लिए उपायुक्त ने सभी जिला स्तरीय कार्यालय प्रधानों को पत्र जारी कर इच्छुक और योग्य कर्मियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया था। इसका असर शिविर में देखने को मिला और अलग-अलग विभागों के अधिकारियों व कर्मियों ने इसमें भागीदारी निभाई।

13 अगस्त को फिर लगेगा मेगा रक्तदान शिविर
इधर, शहर के ढोढ़ाटोली स्थित जेएच हर्बो शाइन कार्यालय परिसर में 13 अगस्त को मेगा रक्तदान शिविर और मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जैक, सीबीएसई और आइसीएसई बोर्ड की परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपायुक्त संदीप कुमार मीना और एसपी सादिक अनवर रिजवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।





