लोहरदगा: रांची में विधानसभा घेराव के दौरान विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज की गूंज मंगलवार को लोहरदगा की सड़कों पर भी सुनाई दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर झारखंड बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता लोहरदगा शहर में सड़क पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर आवागमन रोक दिया और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज दबाने के लिए लाठी का सहारा लेना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बरवाटोली चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क पर टायर जलाकर बैठ गए। भाजपाइयों के सड़क पर बैठते ही यातायात की रफ्तार थम गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बंद समर्थक कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लिए सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। इसके बाद पावरगंज चौक फिर रेलवे साइडिंग में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम किया।भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव करने पहुंचे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हन है।

सुबह से ही आंदोलनकारी छात्र, छात्राएं एवं भाजपा कार्यकर्ता शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर जुटने लगे। आंदोलनकारियों ने कई स्थानों पर टायर जलाकर बंद का समर्थन करने की अपील की तथा राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान रांची में विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया गया।

बंद के दौरान आंदोलनकारियों ने आवश्यक सेवाओं को छूट दी। स्कूली बसों, एंबुलेंस, दूध आपूर्ति तथा अन्य जरूरी सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया, जिससे आम लोगों को आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। हालांकि बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और यातायात पर बंद का स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला।

झारखंड बंद को देखते हुए लोहरदगा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार गश्ती कर स्थिति पर नजर रखी जा रही थी। प्रशासन की सक्रियता के कारण जिले में बंद शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होता दिखा और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

बंद के कारण राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर लंबी दूरी की वाहनों की कतारें देखने को मिलीं। कई मालवाहक वाहन सड़क किनारे खड़े रहे। जिले में संचालित बॉक्साइट परिवहन भी पूरी तरह प्रभावित रहा। बॉक्साइट ढुलाई बंद रहने से खनन एवं परिवहन गतिविधियां ठप रहीं, जिससे सरकार को राजस्व नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पारदर्शिता की मांग तथा छात्रों के अधिकारों को लेकर आंदोलन जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर न्याय नहीं देती है तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा चरणबद्ध तरीके से पूरे राज्य में आंदोलन जारी रहेगा।भाजपा नेताओं ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में सरकार से निष्पक्ष जांच और छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।बंद के दौरान जिले में भाजपा के कई प्रदेश स्तरीय नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, छात्र संगठन के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं समर्थक मौजूद रहे। पूरे दिन प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा, जबकि पुलिस एवं प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए थे। फिलहाल लोहरदगा में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी हुई है।











