रांचीः अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर रोड़ नंबर-4 बी स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर 9 जुलाई को हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की जांच में एसआईटी को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने मुजफ्फरपुर से चोरी के करीब 400 ग्राम सोने और मोती के आभूषण बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 65 लाख रुपए आंकी गई है।
मामले में सोना व्यवसायी समीर खान उर्फ कबीर खान को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस कांड में अब तक एक करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। इससे पहले पुलिस घटना में प्रयुक्त जगुआर कार UP-78 EM-0101 चोरी के आभूषण और 17.36 लाख रुपए नकद बरामद कर चुकी है। जांच के दौरान एसआईटी समीर खान तक पहुंची। उसकी निशानदेही पर मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित उसकी ससुराल से चोरी के आभूषण बरामद किए गए।
80 से अधिक मामलों में वांटेड है इमरानः पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का सरगना मो. इरफान देश के कई राज्यों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ 80 से अधिक चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर समेत कई शहरों में उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आपराधिक रिकार्ड की भी विस्तृत जांच कर रही है।
अखिलेश पांडेय ने गहनों की पहचान की
जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड मो. इरफान उर्फ उजाले और उसके सहयोगियों द्वारा चोरी किए गए गहनों को समीर खान ही खपाता था। वह गहने बेचकर मिलने वाली रकम किस्तों में इरफान तक पहुंचाता था। बरामद आभूषणों की पहचान के लिए कारोबारी अखिलेश पांडेय को बुलाया गया, जिन्होंने सभी गहनों की पहचान कर ली।
मास्टरमाइंड इरफान समेत 3 आरोपी अब भी फरार
गिरोह का मास्टमाइंड मो. इरफान उर्फ उजाले , उसके सहयोगी अफरोज उर्फ समीर उर्फ शमीम और नवीन शर्मा अब भी फरार हैं। चोरी के दौरान इरफान घर में घुसकर वारदात को अंजाम देता था, जबकि उसके साथी बाहर निगरानी करते थे। तीनों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड समेत कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है। 23 जुलाई को इरफान और अफरोज की पत्नियां गुलशन परवीन और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया जा चुका है।


