पटनाः राजधानी पटना में बीते 22 और 25 जुलाई को हुए उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने व्यापक स्तर पर कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में अब तक कोतवाली, गांधी मैदान, पाटलिपुत्र और सचिवालय थाना में कुल 24 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इन मामलों के तहत विभिन्न थानों की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 258 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
30 लड़कियों को निजी बांड भरवाकर छोड़ा
मिली जानकारी के अनुसार इस पूरी कार्रवाई के तहत गांधी मैदान थाना पुलिस ने सबसे अधिक 138 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेजा है। वहीं, कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने 49 लोगों को गिरफ्तार किया है। गांधी मैदान, कोतवाली, सचिवालय और पाटलिपुत्र थाना में अब तक 24 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों में 285 नामजद और करीब छह हजार अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस अब तक 258 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
देर रात गिरफ्तार किए गए 87 छात्रों को बेउर जेल भेज दिया गया। जज के आवास पर सभी छात्रों को पेश किया गया, लेकिन उन्हें जमानत नहीं मिली। वकीलों ने बताया कि धारा 109 लगने की वजह से बेल देने से इनकार किया गया। पुलिस ने दो वकीलों को भी हथकड़ी के साथ कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के दौरान जज ने गांधी मैदान थाना अध्यक्ष समेत एक अन्य पुलिसकर्मी को शो कॉज नोटिस जारी किया।


