पटनाः 20 सालों तक आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव के सिपाही के तौर पर साथ रहे पूर्व प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने शुक्रवार को बीजेपी की सदस्यता ले ली। BJP के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। मौके पर पूर्व मेंत्री मंगल पांडेय समेत कई नेता मौजूद रहे।उनके इस फैसले को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले RJD के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।मृत्युंजय तिवारी ने आरजेडी छोड़कर बीजेपी का दामन उस समय थामा है जब पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना से दूर विदेश की यात्रा पर है।
पटना- RJD छोड़ BJP में आए मृत्युंजय तिवारी
BJP के प्रदेश अध्यक्ष @sanjay_saraogi और पूर्व मंत्री @mangalpandeybjp दिलाई सदस्यता@RJDforIndia @BJP4Bihar pic.twitter.com/IXiNOPDHfQ— Live Dainik (@Live_Dainik) July 24, 2026
लंबे समय से चल रही थी नाराजगी
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि वह पिछले कई महीनों से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने अपनी बातें रखते रहे, लेकिन उनकी शिकायतों और सुझावों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।उनका कहना है कि करीब 20 वर्षों तक उन्होंने राजद के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया, लेकिन बदले में उन्हें लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ा।उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं की बात सुनने की परंपरा कमजोर होती जा रही है और उनकी पीड़ा को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी कारण उन्होंने राजद छोड़ने का फैसला किया।
16 जुलाई को दिया था इस्तीफा
गौरतलब है कि मृत्युंजय तिवारी ने 16 जुलाई को राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। हालांकि उस समय प्रदेश अध्यक्ष ने उनसे तेजस्वी यादव के लौटने तक इंतजार करने का आग्रह किया था।इसके बाद तिवारी ने राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी से भी मुलाकात की थी। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मनाने और निर्णय बदलने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी। अंततः उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला कर लिया।
खून का एक-एक कतरा BJP के लिए समर्पित
भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के बाद मृत्युंजय तिवारी ने अपनी पुरानी पार्टी RJD पर तीखा हमला किया। उन्होंने BJP नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और पार्टी द्वारा उन्हें दिए गए सम्मान को पूरी निष्ठा के साथ बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, “मैं BJP का आभार व्यक्त करता हूं। पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं पूरी ईमानदारी से उसका मान रखूंगा. मेरे खून का एक-एक कतरा BJP के लिए समर्पित रहेगा।”


