डेस्कः बुधवार की रात दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बीच जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारियों में शामिल उपद्रवियों ने RAF और पुलिसकर्मियों पर पत्थर बरसाए जिसमें 2 ACP समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और आसपास के इलाके में भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक उपद्रवियों के हमले में अभी तक 5 पुलिस कर्मी घायल हुए है। इसमें 2 एसीपी, 2 इंस्पेक्टर और पुलिस के जवान शामिल हैं।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हंगामा
भीड़ ने पुलिसकर्मियों को पीटा
जमकर हुई पत्थरबाजी, 2 ACP समेत 5 घायल#cjp_ही_aap_है #Resignation #PaperLeakProtes #CJPProtest #DharmendraPradhan #breaking #DelhiStudentProtest #kirenrijiju #cockroachjantaparty #DharmendraPradhanCillYourself pic.twitter.com/yPgb7nVeYR— Live Dainik (@Live_Dainik) July 23, 2026
जानकारी ये भी सामने आई है कि उपद्रवियों द्वारा तलवार और खुखरी भी लहराई गई। इस हंगामे के बाद इलाके में नेट सेवा बाधित कर दी गई है। इसके बाद कनॉट प्लेस और टॉलस्टॉय मार्ग पर प्रदर्शनकारी जमा होने लगे। लेकिन भारी पुलिस की तैनाती के बाद प्रदर्शनकारी वहां से निकल गए। फिलहाल कनॉट प्लेस, टॉलस्टॉय मार्ग और जंतर-मंतर पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। धरने में कुछ अराजक तत्व शामिल हो गए थे। जिसके बाद उपद्रवियों ने पथराव के बाद जवानों पर बोतलें भी फेंकी।
कब शुरू हुआ हंगामा?
उपद्रवियों ने संसद मार्ग पर रात करीब 8.30 के आसपास पुलिस पर हमला बोल दिया। सूत्रों के मुताबिक, टॉल्स्टॉय मार्ग पर उपद्रवियों द्वारा पुलिस और RAF की टीमों पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए और कुछ प्रदर्शनकारियों ने तो पुलिस पर लाठियों से भी हमला किया। बेकाबू भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की और इस दौरान दो-तीन आंसू गैस के गोले छोड़े। आखिरकार स्थिति को काबू में कर लिया गया। घटना की वजह की अभी जांच चल रही है। इस बीच, CJP की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कनॉट प्लेस के ACP भी घायल
भीड़ ने अचानक पुलिसकर्मियों पर पत्थर और बोतल से हमला किया जिसमें एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए। उनको खुद सीनियर अफसर आरएमएल अस्पताल लेकर पहुंचे। पूरे घटनाक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस का कहना है कि स्थिति अब कंट्रोल में है। उपद्रवियों की ओर से पुलिस के जवानों पर पत्थर और पानी की बोतलें फेंकी गईं जिसमें एसीपी विवेक भगत घायल हो गए। उन्हें सीनियर अधिकारी अस्पताल लेकर पहुंचे हैं।
इंटरनेट बंद होने के बावजूद सबसे ज्यादा मैसेजिंग
सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली इलाके में इंटरनेट बंद होने के बावजूद, जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस इलाकों, खासकर टॉल्स्टॉय मार्ग और जनपथ पर सबसे ज्यादा मैसेजिंग हो रही है। इन इलाकों में नेटवर्क कनेक्शन और SMS का आदान-प्रदान सबसे ज्यादा हो रहा है। क्या जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारी नई दिल्ली में मौजूद लोगों को हिंसा के लिए निर्देश दे रहे हैं? ऐसी साजिश की ओर इशारा करने वाले सबूत सामने आए हैं और पुलिस इस मामले की अलग से जांच कर रही है।
16 स्टेशनों पर मेट्रो बंद
इस घटना के बाद से दिल्ली के राजनीतिक गलियारों और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, वहीं दूसरी ओर प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। इलाके में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और तनाव का माहौल बना हुआ है।CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने 16 स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। हालांकि कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।


