डेस्कः अहमदाबाद के महमूदपुरा में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। महमूदपुरा इलाके के गैट्रेड रोड स्थित टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में लगी आग के बीच कई जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
धमाकों से दहशत, अस्पतालों में भर्ती कराए गए घायल
स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगने के कुछ ही देर बाद फैक्ट्री के भीतर लगातार धमाकों की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें पांच घायलों का इलाज एलजी अस्पताल और चार का सिविल अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों का भी अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
जानकारी के अनुसार, टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति द्वारा किया जाता है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के महापौर, नगर आयुक्त समेत नगर निगम और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने भी पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।


