लोहरदगा: जिले के कुडू थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से ब्राउन शुगर का परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से ब्राउन शुगर जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सादिक अनवर रिज़वी पुलिस अधीक्षक लोहरदगा को 14 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-लोहरदगा मुख्य मार्ग से ब्राउन शुगर की खेप बिक्री के लिए लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर चंदवा-लोहरदगा रोड स्थित मानती पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के क्रम में उनके पास से कुल 25 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद पदार्थ में 17 ग्राम और 8 ग्राम के दो पैकेट शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षत कुमार (21 वर्ष), पिता स्वर्गीय अजय प्रसाद तथा रोहित कुमार (24 वर्ष), पिता अरुण मिस्त्री, दोनों निवासी चंदवा थाना क्षेत्र, जिला लातेहार के रूप में हुई है।
इस संबंध में कुडू थाना कांड संख्या-65/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b), 21(b), 22(b) एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ब्राउन शुगर के स्रोत और इससे जुड़े अन्य तस्करों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा ने किया। टीम में कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार, चांपी पुलिस पिकेट प्रभारी सुजीत होरो,जेनी सुधा तिग्गा, कुडू थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


