रांचीः ओरमांझी स्थित एक बड़े राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में अपराधियों ने पांच घंटे तक डकैती की घटना को अंजाम दिया। यह कारखाना ओरमांझी के तापे गांव में स्थित है। 20 से 22 की संख्या में आये सशस्त्र अपराधियों ने परिसर में मौजूद कर्मियों को बंधक बना लिया और मारपीट की। उन्होंने मौके पर मालिक के अपहरण की भी धमकी दी और लॉकर से तीन लाख 35 हजार रुपये नकर लूटकर फरार हो गये। इसके अलावा ट्रांसफार्मर तोड़कर कॉपर वायर और गोदाम में रखी कोल्डड्रिंक्स की बोतलें भी लूटकर ले गये।
घटना 10 जुलाई की रात करीब 10.45 बजे की है। इस मामले में रांची निवासी आदित्य सिंह के बयान पर 12 जुलाई को ओरमांझी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। चेहरे और सिर पर काला कपड़ा बांधे अपराधी एक पिकअप वैन से परिसर में दाखिल हुए थे। सभी के हाथों में पिस्तौल, चाकू और अन्य हथियार थे। सबसे पहले परिसर में टहल रहे कर्मी अनिल सिंह को पकड़कर उनसे मालिक व कैंपस की जानकारी ली। फिर उन्हें पीएलसी रूम में हाथ-पैर बांधकर बंद कर दिया गया। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ कर अंदर मौजूद कर्मी विनीत सिंह पर हमला कर लॉकर की चाबी छीन ली गयी और नकदी लूट ली गयी। विनीत को भी बांधकर पैनल रूम में बंद कर दिया गया। अपराधियों को कारखाने की बनावट और लॉकर की जानकारी थी।
रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक करते रहे लूटपाट
पीड़ित आदित्य सिंह के अनुसार डकैत रात करीब 11 बजे से सुबह चार बजे तक परिसर में मौजूद रहे। सभी अपराधी लूटपाट के बाद दो वाहनों पर सामान लादकर फरार हो गये। उन्होंने पुलिस पर भी सवाल खड़े किये कि चोर की तलाश करने के बजाय पुलिसकर्मी पूछताछ के नाम पर कर्मी विनीत को थाने ले गये। उनका आरोप है कि थाने में उनके साथ 10 घंटे तक पूछताछ की गयी। दुर्व्यवहार किया गया। ज्ञात हो कि इसी परिसर में वर्ष 2023 में भी डकैती हो चुकी है, जिसमें लाखों की संपत्ति लूटी गयी थी।
इस मामले में राइस मिल के कर्मी विनीत ने कहा कि मैने सारी जानकारी पुलिस को दे दी है, फिर भी वह अपराधियों को पकड़ने की बजाय मुझसे ही अपराधी जैसा व्यवहार कर रहे है। वहीं ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है, फिलहाल जांच जारी है। विनीत को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। मारपीट का आरोप गलत है।


