पटनाः राजधानी पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने पर युवक की हत्या कर दी गई है। न्यू करबिगहिया से युवक बंटी कुमार का चार दिन पहले अपहरण कर लिया गया था, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। शनिवार को अथमलगोला थाना क्षेत्र इलाके से बंटी का शव बरामद किया गया है। शव के सिर और पैर मिट्टी में गड़े हुए थे।
पटना जक्शन से बंटी के अपहरण के बाद करबिगहिया इलाके में जमकर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया था। न्यू करबिगहिया के कबिस्तान के पास रहने वाला बंटी किराना दुकान और बैंड-बाजा का कारोबार करता था। इसके साथ स्टेशन पर उसकी कई फास्टफूड की दुकानें है।
सीसीटीवी फुटेज आने के बाद भी पुलिस रही नाकामयाब
7 जुलाई की रात करीब एक बजे बंटी एक दुकान पर खरीददारी करने गया था। इसे दौरान युवक वहां पहुंचे और उससे मारपीट करने लगे। इसके बाद जबरन उसे काले रंग के स्कार्पियो में बैठाकर फरार हो गये। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया लेकिन पुलिस बंटी को जिंदा बरामद करने में नाकामयाब हुई।
देह व्यापार का विरोध करने पर हत्या
बंटी कुमार के अपहरण के बाद उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि देह व्यापार का विरोध करने पर उसे अगवा किया गया और उसकी हत्या कर दी गई जिसका शव शनिवार को बरामद किया गया है। परिजनों ने आरोप लगाया था कि मोहल्ले में रवीश देह व्यापार करवाता है। कई किन्नर भी उसके साथ हैं। कई बार स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की, बावजूद अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई।इसके बाद बंटी ने रवीश को धंधा बंद करने के लिए कहा और इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। 15 दिन पहले पुलिस की मौजूदगी में बैठक हुई थी।उस वक्त रवीश ने बंटी से कहा था कि तुम पुलिस को सूचना देते हो। तुम्हें छोड़ेंगे नहीं। उस वक्त डायल 112 की टीम रवीश को अपने साथ ले गई थी।परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


