दरभंगा: शहर के पाश इलाके बंगाली टोला स्थित जीएन गंज रोड में बुधवार की शाम कथित स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे में लिप्त तीन युवती सहित सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसमें तीन ग्राहक और एक प्रबंधक शामिल है।पुलिस ने जब छापेमारी की तो तीनों युवतियां अलग-अलग तीन युवकों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाई गई। पुलिस तीनों युवतियों को वन स्टाप सेंटर में ले जाकर पूछताछ कर रही है।
कई इलाकों के स्पा अब भी शिकंजे से बाहर
बताया जा रहा है कि शहर में चल रहे बड़े सेक्स रैकेट का छोटा अंग ही पुलिस के गिरफ्त में आ सका है।पुलिस अगर सख्ती के साथ छानबीन करेगी तो ऐसे और भी सेंटर का पता चलेगा, जो शहर के विभिन्न रिहायशी इलाके में चल रहे हैं। गिरफ्तार युवतियों में दो दिल्ली की और एक गुजरात की पाई गई है।
वहीं, तीनों ग्राहक दरभंगा शहर के पाए गए हैं, जबकि प्रबंधक के नाम व पता का सत्यापन कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह बार-बार अपना नाम व पता बदल रहा था। कभी अपना घर मधुबनी तो कभी दरभंगा बता रहा था। तीन माह पहले इस स्पा सेंटर को खोला गया था।
आपत्तिजनक समान बरामद
उधर, क्राइम ब्रांच के डीएसपी उदय शंकर ने बताया कि स्पा सेंटर से कई तरह के आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। हालांकि, स्पा सेंटर का संचालक फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रबंधक सहित एक युवती के मोबाइल में कई युवतियों की तस्वीर पाई गई है, जिसे ग्राहकों को दिखाकर आर्डर लिया जाता था।
बताया कि गिरफ्तार ग्राहक में एक दवा दुकानदार पाया गया है। बहरहाल, सभी से पूछताछ चल रही है। बहुत जल्द पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
उधर, सूचना पर पहुंची एफएसएल टीम ने सेंटर से कई साक्ष्य को सुरक्षित किया है। छापेमारी में लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार, महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी, दारोगा अर्चना सिंह, कांति कुमारी, पीयूष कुमार, संजीव कुमार रजक आदि शामिल थे।


