देवघरः बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर परिसर में पूरे साल बाह्य अरघा स्थापित किया जायेगा। साथ ही बाबा मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग करने पर पूणर्र््ा प्रतिबंध लगाया जायेगा। यह प्रस्ताव शुक्रवार को श्रावणी मेला और बाबा मंदिर व्यवस्था को लेकर समाहरणालय में आयोजित बैठक में लाया गया। इस प्रस्ताव को उपस्थित अधिकारियों, तीर्थ पुरोहितों और प्रबुद्धजनों ने सर्वसम्मति से अपनी स्वीकृति दी।
बैठक की अध्यक्षता डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने की। इसमें पंडा धर्मरक्षिणी सभा के सदस्य समेत प्रबुद्ध पुरोहित शामिल हुए। मौके पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सुगम जलार्पण, क्राउड मैनेजमेंट, शीघ्रदर्शनम व्यवस्था तथा वीआईपी पूजा व्यवस्था सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गयी। बैठक में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों ने मंदिर व्यवस्था से जुड़े अपने सुझाव डीसी के समक्ष रखे। डीसी ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।


