जमशेदपुरः शहर में बिगड़ते कानून-व्यवस्था और हिमांशु हत्याकांड के विरोध में बीजेपी ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद बुलाया है। इसका जेडीयू, आजसू , एलजेपी और एनसीपी समेत कई दलों और संगठनों ने समर्थन किया है। बंदी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। धालभूम एसडीओ ने शहर के छह प्रमुख थाना क्षेत्रों में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा की अवधि को तीन जुलाई की रात 10 बजे तक के लिए बढ़ा दिया है।
करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या और शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को एनडीए द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद का व्यापक असर देखा गया। सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में दुकानें बंद रहीं।बंद के समर्थन में भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए। उन्होंने शहर के प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर प्रदर्शन करते हुए लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की। साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, मानगो और गोलमुरी जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाले।
कई स्थानों पर खुली दुकानों के संचालकों से शांतिपूर्ण तरीके से दुकानें बंद करने का आग्रह किया गया। अधिकांश व्यापारियों ने बंद का समर्थन करते हुए अपनी दुकानें बंद रखीं, जिससे सुबह के समय बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम चहल-पहल रही।साकची गोलचक्कर और बिष्टुपुर बाजार जैसे प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हिमांशु सिंह हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया है, और लगातार हो रही हत्या, लूट, छिनतई जैसी आपराधिक घटनाओं से आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है।

बीजेपी विधायक पूर्णिमा साहू, प्रवक्ता अभय सिंह और जेडीयू विधायक सरयू राय के नेतृत्व में बुधवार की शाम मशाल जुलूस निकाल बंद को सफल बनाने का आह्रवाहन किया गया। इधर, हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष पर चापड़ से हमले का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल घटना को अंजाम देने के बाद अपने साथियों के साथ शनिवार रात में ही वाहन से चाईबासा भाग गया था। अबतक पुलिस विश्वनाथ मंडल को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गुरुवार को एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने बताया कि मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें तीन नाबालिग हैं।इधर, शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की गश्ती टीमें भी सक्रिय हैं।
एडीजी का आश्वासन, आज मिल जायेगा नियुक्ति पत्र
हिमांशु के पिता अरविंद सिंह ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय में एडीजी मनोज कौशिक से मुलाकात की। उन्होंने एडीजी से पूछा कि मेरे बेटे के हत्यारे कब पकड़े जायेंगे। हमें इंसाफ कब मिलेगा। साथ ही उन्होंने अपनी बहू रिचा कुमारी को मिलनेवाली सरकारी नौकरी की प्रगति के बारे में भी बात की। अरविंद सिंह ने बताया कि एडीजी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि शुक्रवार को उपायुक्त के जरिये उनकी बहू को नियुक्ति पत्र सौंप दिया जायेगा।


