डेस्कः राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस आगे चल रहे ट्रक से भिड़ गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। कोलवा थाना क्षेत्र के धनावड़ के पास जीरो प्वाइंट पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ी, इसके बाद बस में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 29 यात्री घायल हुए हैं। हादसा इतना भयावह था कि एक्सप्रेसवे पर चारों ओर चीख-पुकार मच गई और सड़क खून से लाल हो गई।कई शवों के चिथड़े घटनास्थल पर बिखरे मिले।
![]()
पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।उन्होंने बताया कि हादसे में 29 लोग घायल हुए हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं, जिनका इलाज दौसा जिला अस्पताल में जारी है। इनमें से 9 घायलों की पहचान भी हो चुकी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Dausa, Rajasthan: A road accident took place in Dausa after a tourist bus carrying around 37 pilgrims from Haridwar to Indore collided with a truck on the Delhi–Mumbai Expressway in the early hours today. Following the collision, both vehicles caught fire. The passengers managed… pic.twitter.com/wp5zGGi96W
— IANS (@ians_india) July 1, 2026
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। बस में फंसे 5 यात्रियों की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
समय पर पहुंचती फायर ब्रिगेड टीम तो कई जान बच जाती : इस दर्दनाक हादसे के बाद राहत कार्य को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े हो गए हैं।स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना पुलिस और एक्सप्रेसवे प्रबंधन को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन करीब एक घंटे तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू हो जाता तो बस में फंसे कई यात्रियों की जान बचाई जा सकती थी। उनका दावा है कि मदद के इंतजार में यात्री बस के भीतर ही फंसे रहे, जिससे पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है।प्रशासन दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है।


