डेस्कः बिहार के छपरा में वकील पिता-पुत्र की हत्या के गवाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस हत्याकांड से यहां सनसनी फैल गई है। मर्डर के बाद अपराधी फरार हैं और गुस्सााए लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया है। मृतक की पहचान रामदेव राय के 32 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। उनके 26 वर्षीय छोटे भाई मनीष कुमार के कान में गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

दोनों भाई को लगी गोली
गोलीबारी की घटना के बाद परिवार के लोग दोनों भाइयों को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने पंकज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनीष कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया।
मृतक की पत्नी ने क्या आरोप लगाए?
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति की तबीयत खराब थी। इसके बावजूद रात में मुफस्सिल थाना से उन्हें लगातार फोन कर बुलाया जा रहा था। उनका यह भी आरोप है कि गांव के पास 112 डायल पुलिस वाहन मौजूद था। उन्होंने कहा कि उनके पति छोटे भाई के साथ निकले, तभी मेथवलिया चौक के पास अपराधियों ने गोलीबारी कर दी। उन्होंने सुरक्षा नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस ने क्या कहा?
घटना की सूचना मिलने के बाद एएसपी रामपुकार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पर्याप्त सुरक्षा मिलती, तो इस घटना को टाला जा सकता था।

किस दोहरे हत्याकांड से जुड़ा है मामला?
गौरतलब हो कि, मामला का तार 2024 से जुड़ा है. 2024 में अधिवक्ता पिता पुत्र की कोर्ट जाने के क्रम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की थी। बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े कोर्ट जाने के दौरान पिता पुत्र को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था।
गवाह की हत्या के बाद बवाल
वहीं अब इस चर्चित हत्याकांड के गवाह की भी हत्या कर दी गई है। जबकि एक की हालत गंभीर है। मृतक की पत्नी का आरोप है कि रात में पुलिस उनके पति को बार बार फोन कर बुला रही थी। जब वो अपने छोटे भाई के साथ घर से निकले तो उन पर हमला कर दिया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।


