लोहरदगा : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को हुई वज्रपात की घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा निवासी 48 वर्षीय घूरती उरांव और बगडू थाना क्षेत्र के चरहू गांव निवासी 40 वर्षीय असीदा खातून के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि घूरती उरांव खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक से हुए वज्रपात की चपेट में आ गई जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं असीदा खातून बकरियों को चराने गई थीं। इस दौरान अचानक मौसम बदलने के बीच आकाशीय बिजली गिरने से वह इसकी चपेट में आ गईं और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वज्रपात में घायल होने वालों में कर्मा उरांव, सुनील उरांव, अनिल उरांव, सोमनाथ उरांव, सोनमती देवी, नीतू कुमारी, महेंद्र मुंडा और सरस्वती देवी शामिल हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल लोहरदगा में चल रहा है। एक ही दिन वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में काफी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने के बाद सदर अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों ने तत्काल सभी घायलों का उपचार शुरू किया।



