रांचीः अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कड़रू इलाके से 11 से 12 वर्ष आयु के तीन बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए हैं।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बच्चों की तलाश में जुट गई है। लापता बच्चों में एक का नाम बेलाल और दूसरे का नाम सूरज महतो बताया गया है, जबकि अन्य एक बच्चों की पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बच्चों के परिजन देर रात अरगोड़ा थाना पहुंचे और उनके गायब होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी।
तलाश में जुटी पुलिस
आसपास के इलाकों में तलाश अभियान चलाया जा रहा है और संभावित स्थानों पर पूछताछ की जा रही है। अरगोड़ा थाना पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सुराग जुटाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चे आखिरी बार कब और किसके साथ देखे गए थे। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।तीनों बच्चे के घर के पास खेल रहे थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल अरगोड़ा थाना या निकटतम पुलिस स्टेशन को सूचना दें, ताकि बच्चों को सुरक्षित खोजा जा सके। मामले की जांच जारी है।


