धनबादः मुगमा के पास मालगाड़ी के बेपटरी होने से धनबाद-आसनसोल रूट पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। इस दौरान हावड़ा व सियालदह राजधानी विलंब से धनबाद पहुंची। वहीं वाराणसी-आसनसोल मेमू एक्सप्रेस धनबाद में फंसी रही है। इस दौरान यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा किया। लाइन क्लीयर होने के बाद रात 8.20 बजे ट्रेन धनबाद से रवाना हुई।
यात्रियों ने किया हंगामा
वाराणसी-आसनसोल मेमू के घंटों खड़े रहने से नाराज यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया और धनबाद स्टेशन पर जमकर हंगामा किया।मंगलवार की शाम ट्रेन संख्या 13554 वाराणसी-आसनसोल मेमू एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय शाम 6.45 बजे की बजाय 7.21 बजे प्लेटफॉर्म पर आकर लगी।
यात्री इस देरी से पहले ही परेशान थे, लेकिन हद तो तब हो गई, जब सिग्नल न मिलने के कारण ट्रेन 7.40 बजे तक वहीं खड़ी रही। इसके बाद आक्रोशित यात्री प्लेटफॉर्म पर उतर आए और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी व हंगामा शुरू कर दिया।
कई ट्रेनें पहुंची लेट
वहीं, मुगमा में ट्रैक बाधित होने का असर प्रीमियम ट्रेनों पर भी साफ दिखा। इनमे हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी (12301) अपने निर्धारित समय शाम 7.55 बजे की जगह करीब 31 मिनट की देरी से रात 8.26 बजे धनबाद पहुंची।सियालदह-नई दिल्ली राजधानी (12313) इसे रात 8.20 बजे आना था, लेकिन यह 11 मिनट लेट होकर 8.31 बजे धनबाद स्टेशन पर दाखिल हुई।हंगामा कर रहे यात्रियों में मोहम्मद सलाउद्दीन का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से ट्रेनों का शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ चुका है। रोज कमाने-खाने वाले लोग हैं।
गोमो पैसेंजर का तो यह हाल है कि वह कभी रात 11 बजे पहुंचा रही है, तो कभी रात के एक बजे। आसनसोल मेमू को कभी रद कर दिया जाता है तो कभी धनबाद में ही रोक दिया जाता है। हमारी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।कहीं कंट्रोल रूम और तकनीकी टीम की कड़ी मशक्कत के बाद जब मुगमा के पास से लाइन क्लियर होने का ग्रीन सिग्नल मिला, तब जाकर रात 8.20 बजे वाराणसी-आसनसोल मेमू एक्सप्रेस को धनबाद से आसनसोल के लिए रवाना किया जा सका। इसके बाद ही स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भारी भीड़ और तनाव शांत हुआ।




