रांचीः राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बरियातू थाना क्षेत्र स्थित सिंदवार टोली का है। जहां पवन मुंडा नाम के एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी बेला मुंडा की हत्या कर दी।
बरियातू पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात ही पवन मुंडा ने बेला मुंडा की घर में ही पीट-पीट कर हत्या कर दी। परिजनों को पूरे मामले की जानकारी गुरुवार की सुबह हुई। बेला मुंडा के जीवित होने की आस में उसे अस्पताल में इलाज के लिए जाया गया। जहां डॉक्टरों की टीम ने जांच के दौरान यह बताया कि अत्यधिक मारपीट की वजह से बेला मुंडा की मौत हुई है।
रिश्तेदार के घर गए थे बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को पवन मुंडा के घर पर बिजली कट गई थी, अत्यधिक गर्मी की वजह से बच्चे अपने एक रिश्तेदार के यहां सोने चले गए थे।गुरुवार की सुबह जब बच्चे स्कूल जाने से पहले अपने घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बेला मुंडा खून से लथपथ घर में पड़ी हुई है जबकि पवन घर से गायब था।
आरोपी गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलते ही बरियातू पुलिस एक्टिव हुई और आरोपी पवन मुंडा की तलाश में जुट गई। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि पवन मुंडा मोरहाबादी के ही एदलहातू तालाब के पास छुपा हुआ है। सटीक सूचना के आधार पर पवन मुंडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने बताया कि पति और पत्नी के बीच हुए आपसी विवाद की वजह से यह घटना घटी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।







