रांचीः 18 जून को राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई है। एनडीए के विधायक रेडिस ब्लू होटल में है तो महागठबंधन के विधायकों की परेड मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर हुई। दोनों ओर से सेंधमारी की संभावनाओं के बीच चुनाव का रोमांच चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है।
मुख्यमंत्री आवास पर हुआ मॉक ड्रिल

महागठबंधन के विधायकों की बैठक मंगलवार शाम को मुख्यमंत्री के कांके रोड़ स्थित आवास पर हुई। यहां तक की उपस्थित विधायकों को 18 जून को होने वाले मतदान को लेकर प्रशिक्षण के साथ साथ मॉक पोल भी कराया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उपस्थिति में हुई मॉक पोल में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी बैद्यनाथ राम को कुल 29 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को 27 मत मिले।इस बैठक के बाद संसदीय कार्य सह वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मीडियाकर्मियों को जानकारी देते हुए कहा कि जेएमएम प्रत्याशी को एक मत स्पीकर रबींद्र नाथ महतो का मिलेगा, संवैधानिक कारणों से वो बैठक में आज उपस्थित नहीं थे। इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को एक मत माले विधायक अरूप चटर्जी का मिलेगा, जो आज की बैठक के दौरान किसी कारण से अनुपस्थित थे।
उन्होंने बैठक में उपस्थित नहीं रहने की सूचना पहले ही दिया था। माले के एक अन्य विधायक ने कांग्रेस प्रत्याशी को मॉक पोल के दौरान मत दिया है। इस तरह से देखें तो कांग्रेस के प्रणव झा भी जादुई आंकड़े को पाने में सफल हो रहे हैं। इधर झामुमो नेता और राज्य सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि महागठबंधन के दोनों प्रत्याशी की जीत तय है।इसको लेकर सभी दल एकजुट है और भाजपा के मंसूबों पर पानी फेरने का काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में महागठबंधन के झामुमो कांग्रेस राजद और माले के विधायक मौजूद रहे।
विधायकों को कोई अनजान काल नहीं उठाने की सख्त हिदायत
मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को मतदान को लेकर कई स्पष्ट निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के साथ डायस पर दोनों प्रत्याशी बैद्यनाथ राम और प्रणव झा के अलावा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, राजद के केंद्रीय महासचिव भोला यादव, कांग्रेस के पर्यवेक्षक अजय शर्मा तथा कांग्रेस के सांसद नासिर हुसैन उपस्थित रहे।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि किसी भी हाल में कोई वोट रद नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी विधायकों को पार्टी एजेंट को अपना वोट दिखाने को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए।बैठक में यह भी बताया गया कि विपक्षी खेमे से किस तरह अपने पक्ष में समर्थन के लिए सियासी खेल रचे जा सकते हैं। धन-बल से लेकर कई तरह के दबाव पड़ सकते हैं, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं देना है। साथ ही मतदान संपन्न होने तक किसी भी अनजान काल से बचने की सख्त हिदायत दी गई।
JMM प्रत्याशी को 30 वोट दिलाने का निर्णय
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई सत्तारूढ़ गठबंधन विधायक दल की बैठक में झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम को 30 विधायकों के प्रथम वरीयता के वोट दिलाने का निर्णय लिया गया। शेष 26 विधायक कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को प्रथम वरीयता का वोट देंगे।ऐसे में द्वितीय वरीयता के वोट महत्वपूर्ण हो जाएंगे। जानकारों के अनुसार, बैद्यनाथ राम को निर्धारित कोटा 28 से अधिक मिलनेवाले दो मतों की द्वितीय वरीयता को देखा जाएगा।
द्वितीय वरीयता के ये वोट जिस प्रत्याशी को मिलेंगे, उनके लिए ये वोट प्रथम वरीयता के रूप में गिने जाएंगे। ऐसे में सत्तारूढ़ गठबंधन का पूरा प्रयास होगा कि द्वितीय वरीयता के ये वोट प्रणव झा को ही मिले। ऐसा होता है तो उनकी जीत सुनिश्चित हो जाएगी। किसी तरह का खेल भी द्वितीय वरीयता के मतों में ही होने की संभावना है।
NDA विधायकों का मॉक पोल आज
रेडिसन ब्लू में जमे एनडीए विधायकों का मॉक पोल बुधवार को होगा। विधायकों को मतदान को लेकर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
आज बीएनआर चाणक्या में जुटेंगे सत्तारूढ़ गठबंधन की बैठक
बुधवार को भी सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायक दल की बैठक बीएन आर चाणक्या में होगी। इसमें भी चुनाव बारीकियों से विधायकों को अवगत कराया जाएगा।दूसरी बैठक शाम में मुख्यमंत्री आवास में होगी, जहां रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। बुधवार को ही साझा प्रेस कांफ्रेंस भी होगी, जिसमें गठबंधन की एकजुटता का दावा किया जा सकता है।
18 जून को होगा कड़ा मुकाबला, सभी कर रहे जीत का दावा
राज्यसभा की दो सीटों के लिए जेएमएम के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी चुनाव मैदान में हैं। मतदान झारखंड विधानसभा में होगा। मतदान के बाद वोटों की गिनती उसी दिन यानी 18 जून को ही शाम 5 बजे से होगी और परिणाम उसी दिन घोषित हो जाएंगे।इस चुनाव में झारखंड विधानसभा के सभी 81 विधायक मतदान करेंगे। आंकड़ों के लिहाज से राज्यसभा चुनाव में सत्तारूढ़ जेएमएम कांग्रेस राजद के पास 56 विधायकों का मत हैं। जिसमें जेएमएम के पास 34, कांग्रेस के पास 16 और राजद का 4 विधायक और भाकपा माले का 2 विधायक है।मौजूदा आंकड़ों के अनुसार झारखंड मुक्ति मोर्चा के खाते में एक सीट सुरक्षित माना जा रहा है। वहीं दूसरी सीट के लिए दिलचस्प मुकाबला होने की संभावना है। विपक्षी खेमे में 24 विधायकों का समर्थन है। जिसमें भाजपा के 21 आजसू, लोजपा और जदयू का एक-एक विधायक शामिल हैं। विपक्ष खुलकर निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी का समर्थन कर रहा है।







