जमशेदपुरः सिदगोड़ा थाना अंतर्गत कचरा डिपो के पास छिनतई किए गए गहने और फर्जी नंबर प्लेट की बरामदगी करने गई पुलिस टीम पर गिरफ्तार अपराधी जसप्रीत उर्फ गबरू ने पुलिस की पिस्टल छीन कर फायरिंग कर दी। जसप्रीत के फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिससे गबरू के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल गबरू को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। मामला मंगलवार की तड़के 3:30 बजे की है।

चेन स्नैचिंग मामले में हुई थी गिरफ्तारी
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम को सिदगोड़ा पुलिस ने महिला से चेन छीन कर भाग रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान गबरू ने पुलिस को बताया कि कचरा डिपो के पास छिनतई किए गए गहने, नंबर प्लेट और बाइक को छुपा कर रखा है।
बरामदगी के दौरान छीनी पिस्टल
जानकारी मिलने के बाद सिदगोड़ा पुलिस गबरू को समान बरामदगी के लिए कचरा डिपो पर ले कर आया। जहां नंबर प्लेट, बाइक और कुछ सामान बरामदगी के बाद गबरू ने सिदगोड़ा थाना के पदाधिकारी से पिस्टल छीन कर पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दिया। इसी दौरान जवान ने भी जवाबी फायरिंग किया, जिससे गबरू के पैर में गोली लग गई, जिससे वो घायल हो कर गिर गया।
कई थानों की पुलिस पहुंची मौके पर
सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी, एएसपी, टेल्को, सीतारामडेरा, गोलमुरी, बर्मामाइन्स, बिस्टुपुर, बिरसानागर, कदमा समेत कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से खोखा भी बरामद किया है।







