रांचीः झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों को लेकर सियासी गहमागहमी बढ़ी हुई है, खास तौर पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी दूसरी सीट को अपने लिए सुरक्षित करने की कोशिश में लगे हुए है। एक-एक विधायकों से व्यक्तिगत तौर पर या संपर्क सूत्र के माध्यम से साधने की कोशिश कर रहे है। इसी बीच रविवार एक सूचना मिली कि बीजेपी के विधायक प्रकाश राम की तबीयत बिगड़ गई है।

लातेहार के बीजेपी विधायक प्रकाश राम को तबीयत बिगड़ने के बाद रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई नेताओं ने प्रकाश राम से संपर्क साधकर उनके सेहत को लेकर जानकारी ली। वे अभी अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में है। प्रकाश राम जेएमएम की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार बैद्यनाथ राम को चुनाव हराकर विधानसभा पहुंचे है। प्रकाश राम सबसे पहले बाबूलाल मरांडी की पूर्व पार्टी जेवीएम के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने जेवीएम छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया और 2024 के विधानसभा चुनाव में लातेहार से तत्कालीन मंत्री बैद्यनाथ राम को हराकर वो एक बार फिर से विधायक बने है।







