पटना में दो लड़कियों ने की पेपर स्प्रे से ज्वेलरी शॉप लूटने की कोशिश, देखे VIDEO

Picture of Live Dainik

Live Dainik

June 13, 2026

पटना में दो लड़कियों ने की पेपर स्प्रे से ज्वेलरी शॉप लूटने की कोशिश, देखे VIDEO

पटनाः राजधानी पटना से दो नाबालिग लड़कियों द्वारा ज्वेलरी शॉप में लूट की नाकाम कोशिश का वीडियो सामने आया है। दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी इलाके में स्थित मां वैष्णों ज्वेलर्स में दो स्कूली लड़कियों द्वारा लूटपाट का वीडियो देखकर हर कोई हैरान है। शातिर अपराधियों की तरह दुकानदार के चेहरे पर नशीला स्प्रे छिड़क कर सोने के गहने उड़ाने की साजिश रची थी, लेकिन दुकानदार की सूझबूझ और बहादुरी के आगे यह प्लान फ्लॉप हो गया। पुलिस ने दोनों लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों एक ही कोचिंग की छात्राएं हैं और प्लस-टू पास कर चुकी हैं।
ऐसे रची साजिश : टॉप्स खरीदने के बहाने आईं
शुक्रवार को दुकान के मालिक राजेश कुमार एक महिला ग्राहक को गहने दिखा रहे थे। इसी दौरान दोनों लड़कियां ग्राहक बनकर दुकान में घुसीं और सोने के टॉप्स दिखाने को कहा। राजेश ने जैसे ही टॉप्स काउंटर पर रखे, लड़कियों ने उनका ध्यान भटकाने के लिए अंगूठी दिखाने को कहा। दुकानदार जैसे ही मुड़े, एक लड़की ने अचानक अपने बैग से नशीला स्प्रे निकाला और राजेश के चेहरे पर छिड़क दिया। स्प्रे इतना खतरनाक था कि दुकानदार और वहां मौजूद महिला ग्राहक का दम घुटने लगा।
काउंटर से भागे राजेश, गिरा दिया शटर
नशीले स्प्रे के हमले के बावजूद दुकानदार राजेश ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने सबसे पहले सोने के टॉप्स को सुरक्षित किया और फिर काउंटर के ऊपर से छलांग लगाकर दुकान से बाहर की ओर भागे। बाहर आते ही शोर मचाते हुए दुकान का शटर गिरा दिया। हड़बड़ी में शटर गिराने के कारण दुकान के आगे का शीशा भी टूट गया। शोर सुनकर आसपास के लोग और भीड़ जमा हो गई। हालांकि, इस अफरातफरी का फायदा उठाकर स्प्रे करने वाली लड़की तो भाग निकली, लेकिन दूसरी लड़की दुकान के अंदर ही कैद रह गई। मौके पर पहुंची दीघा पुलिस ने लड़की को पकड़ लिया।


आर्थिक तंगी का बहाना, रात में सहेली भी गिरफ्तार
पकड़ी गई लड़की की निशानदेही पर दीघा पुलिस ने शुक्रवार देर रात छापेमारी कर स्प्रे करने वाली दूसरी लड़की को भी दबोच लिया। दोनों लड़कियों ने कहा कि उन्होंने तंगहाली से परेशान होकर इस लूट की साजिश रची थी। इनमें से एक लड़की कुर्जी और दूसरी दियारा इलाके की है। जांच में पता चला कि गिरफ्तार लड़कियों में से एक के पिता का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब जांच कर रही है कि क्या लड़कियों को इस वारदात के लिए किसी गैंग ने उकसाया था?

See also  आजसू पार्टी से नीरु शांति भगत का इस्तीफा, हेमंत सोरेन से हो चुकी है मुलाक़ात, जेएमएम में जाने की चर्चा
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now