लोहरदगा : भंडरा-भौंरो मुख्य पथ पर ऑटो स्टैंड के समीप शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान भंडरा थाना क्षेत्र के नौडीहा छोटकी टोली निवासी विश्राम उरांव के 18 वर्षीय पुत्र अमर उरांव के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक अरुण उरांव (18) लक्ष्मण उरांव का पुत्र है। दोनों आपस में मित्र बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमर और अरुण पल्सर मोटरसाइकिल से भौंरो मोड़ स्थित गैस गोदाम से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भौंरो मोड़ की ओर से सब्जी लेकर तेज गति से आ रही पिकअप वैन (जेएच-01 डीटी-2209) अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमर उरांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों को तत्काल पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अमर को मृत घोषित कर दिया। वहीं अरुण की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।

ग्रामीणों ने पकड़ा पिकअप वाहन
सड़क हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था। हालांकि भौंरो के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अमर उरांव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, भंडरा थाना पुलिस वाहन को जब्त कर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


