रांची : बेडो थाना क्षेत्र स्थित एकलव्य स्कूल के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बेडो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। दोनों युवकों की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।


