डेस्कः दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार को एक होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। गुरुवार अहले सुबह बिहार के मुजफ्फरपुर में भी भीषण अग्निकांड हुआ। शहर के ब्रह्मपुरा इलाके में स्थित प्रसाद हास्पिटल में भीषण आग लग गई। आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर बने आईसीयू वार्ड में लगी, जिसके बाद पूरे भवन में धुआं फैल गया और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

राहत और बचाव अभियान के दौरान 25 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि दम घुटने से चार मरीजों की मौत हो गई है। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने घटना में चार मौत की पुष्टि की है. मौके पर FSL की टीम पहुंच कर जांच में जुट गयी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई।आईसीयू में मौजूद मरीजों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। देखते ही देखते जहरीला धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया, जिससे कई मरीजों की हालत और गंभीर हो गई।
मुजफ्फरपुर में निजी अस्पताल में भीषण अगलगी पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया दुख, मृतकों के आश्रितों को 4 लाख मुआवजा देने का ऐलान #Bihar #CM pic.twitter.com/numMbfjMH1
— Live Dainik (@Live_Dainik) June 4, 2026
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया और अस्पताल के विभिन्न वार्डों में फंसे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।कई मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें आसपास के सुरक्षित अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब तीन बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। जब दमकल की टीम अस्पताल पहुंची तो आईसीयू वार्ड पूरी तरह धुएं से भरा हुआ था।बचाव अभियान के दौरान कई मरीजों को गंभीर स्थिति में बाहर निकाला गया। अधिकारियों का कहना है कि राहत कार्य के दौरान 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, हालांकि कई मरीजों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।


