हजारीबाग:कटकमदाग थाना क्षेत्र से लापता 11 वर्षीय बालिका और उसके 3 वर्षीय भाई की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी संजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त स्कूटी और प्लास्टिक का बोरा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 मई को दोनों बच्चों के ओला शोरूम के पास स्थित लक्ष्मी पेट्रोल पंप क्षेत्र से लापता होने की सूचना मिली थी। मामले में कटकमदाग थाना में अपहरण का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
एसपी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान 31 मई को कोर्रा थाना क्षेत्र के सिंदूर स्थित श्मशान घाट के पास 11 वर्षीय बालिका का शव बरामद किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी संजीत पासवान बच्चों को अपनी स्कूटी पर बैठाकर श्मशान घाट ले गया था।
हजारीबाग पुलिस ने कटकमदाग थाना क्षेत्र नाबालिग बच्ची एवं नाबालिग बच्चा का अपहरण कर निर्मम हत्या को अंजाम देने वाला घटना का उद्भेदन करते हुए, संलिप्त अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।@JharkhandPolice @DGPJH@IGBokaro@DIGHazaribagh pic.twitter.com/aRoAXHWuPs
— Hazaribagh Police (@HazaribagPolice) June 3, 2026
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बालिका को पहले से जानता था और उससे बातचीत करता था। उसने दोस्ती का फायदा उठाकर दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी ने बालिका के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने बालिका की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। वहीं, घटना का गवाह बने 3 वर्षीय भाई की भी गला दबाकर हत्या कर शव को पास के गड्ढे में फेंक दिया।पुलिस ने बताया कि आरोपी संजीत पासवान कोर्रा थाना क्षेत्र के सिंदूर गांव का रहने वाला है।


