गुमलाः जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई। ये तीनों दोस्त डुमरी थाना क्षेत्र के एक ही गांव आकाशी उजडा के निवासी थे।परिजनों के मुताबिक, तीनों युवक चैनपुर से अपने घर लौट रहे थे। डढ़गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक आम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
एक ही गांव के थे तीनों युवक
मृतकों की पहचान उजडा गांव निवासी 19 वर्षीय अक्षय केरकेट्टा,18 वर्षीय आर्यन टोप्पो और 18 वर्षीय संजीत केरकेट्टा के रूप में हुई है। अक्षय ने 2026 में संत अन्ना विद्यालय से इंटर प्रथम श्रेणी में पास किया था जबकि आर्यन संत पैट्रिक स्कूल में 11वीं का छात्र था। संजीत ने 10वीं पास करने के बाद दो साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी।दुर्घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना के एसआई धर्मपाल संतोष लगून मौके पर पहुंचे। घटना की पुष्टि करते हुए उन्होंने गुरुवार को तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। घटना कैसे घटी इन सभी विषयों पर बारीकी से जांच शुरू हो गई है।

