बोकारोः रविवार रात वार्ड संख्या 13 के पार्षद मंजय साव पर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया। चाकू और अन्य धारदार हथियार के साथ रात करीब साढ़े दस बजे हमला किया गया। वार्ड पार्षद ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
मामला बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र के टांड़ बालीडीह पंचायत स्थित न्यू शांति नगर की है। इस घटना में मंजय के सर पर चोट लगी। जिसका इलाज जरीडीह सामुदायिक स्वास्थय केंद्र में किया गया। फिलहाल वो खतरे से बाहर है। घटना के बाद जरीडीह थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज आदि के माध्यम से आरोपी युवकों को पकड़ने में जुट गई है।
घटना के बारे में मंजय साव ने बताया कि उसके बड़े भाई की कार है, जिसके लिए शशि वर्णवाल को चालक के रूप में रखा गया है। बीती रात वह गाड़ी को डैमेज कर के लाया। इस बात को लेकर उसने शशि को कल से कार नहीं चलाने की बात कही। इस बात को लेकर दोनों में बहस हुई। जिसके बाद शशि अपने कुछ साथियों के साथ करीब साढ़े दस बजे वापस आया और मंजय को अकेला देख दो हमलावरों ने हमला कर दिया। हमला होने पर मंजय घर की ओर भागा, पीछे से दोनों हमलावार भी दौड़े। किसी तरह मंजय घर का गेट खोल अंदर प्रवेश कर अपनी जान बचाई।मंजय ने कहा कि इसके पहले भी शशि कई बार वाहन एक्सिडेंट कर ला चुका है।


