रांची : राजधानी के सुखदेव नगर निवासी एवं बिहार स्टेट कॉपरेटिव बैंक रांची से सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक सच्चिदानंद प्रसाद का शनिवार रात निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे सच्चिदानंद प्रसाद ने रांची के सदर अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।

सच्चिदानंद प्रसाद अपने सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और सामाजिक व्यवहार के लिए जाने जाते थे। बैंकिंग सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण के साथ किया। सेवानिवृत्ति के बाद वह रांची में अपने परिवार के साथ रह रहे थे।
सच्चिदानंद प्रसाद दैनिक जागरण के लोहरदगा जिला प्रभारी राकेश कुमार सिन्हा (गुड्डन) के चाचा थे। अपने पीछे वे पत्नी, पुत्र-पुत्री, बहू, दामाद, पोता-पोती, नाती-नतनी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सच्चिदानंद प्रसाद के निधन की खबर सुनने के बाद शनिवार को उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। स्वजनों और परिचितों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। सच्चिदानंद प्रसाद का अंतिम संस्कार रविवार को रांची के हरमू मुक्ति धाम में होगा।


