रांचीः झारखंड कांगेस में जारी अंदरूनी जंग अब सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ गई है। पिछले दो दिनों से जिस तरह से प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश प्रभारी के राजू के खिलाफ मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने मोर्चा खोले हुए है उसका जवाब देने के लिए बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह सामने आ गये है।
राधा कृष्ण किशोर के बयान का जवाब देते और उन पर निशाना साधते हुए अनूप सिंह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखते है कि कोई कांग्रेस पार्टी के अंदर है, और किसी के अंदर कांग्रेस पार्टी है। इसीलिए हमेशा कहता हूं-कांग्रेस में होना और कांग्रेसी होना, दोनों में बहुत अंतर है। इसके बाद वो झारखंड कांग्रेस जिंदाबाद के साथ खरगे, राहुल गांधी, हेमंत सोरेन, के राजू , केशव महतो कमलेश जिंदाबार के कहते है और इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, शिबू सोरेन अमर रहें लिखते है।

इस पोस्ट के साथ वो बिना नाम लिये राधा कृष्ण किशोर पर निशाना साधते है। अपने पहले ही लाइन में उन्होंने जो लिखा कि कोई कांग्रेस पार्टी के अंदर है, और किसी के अंदर कांग्रेस पार्टी है। ये कहने का मतलब साफ है, क्योंकि राधा कृष्ण किशोर 2024 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी में आये थे और उन्हें टिकट दिया गया था, कम वोटों से चुनाव जीतने के बाद उन्हें मंत्री बना दिया गया। जबकि राधा कृष्ण किशोर की राजनीति यात्रा तमाम राजनीतिक दल से होकर गुजरी है। वो खांटी कांग्रेसी नहीं है। मंत्री राधा कृष्ण किशोर बीजेपी, आजसू, आरजेडी, जेडीयू तमाम दलों से चुनाव लड़ चुके है, जबकि अनूप सिंह पुराने कांग्रेसी है और उनके पिता राजेंद्र सिंह कांग्रेस के पुराने दिग्गज नेता रह चुके है। यही नहीं केशव महतो कमलेश भी पुराने कांग्रेसी रहे है, उनकी राजनीति कांग्रेस पार्टी के अंदर ही रही है, चाहे उन्हें चुनाव में जीत मिली हो या हार। इस पूरे एपिसोड ने कांग्रेस पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी को सतह पर ला दिया है। झारखंड की राजनीति और गठबंधन की राजनीति पर इसका क्या असर पड़ेगा वो आने वाले समय में पता चलेगा। राधा कृष्ण किशोर का बागी रूप तब नजर आ रहा है जब उनके बेटे को नियम को ताख पर रखकर डिग्री दिलाने का मामला मीडिया के सुर्खियों में आया।



