पटनाः बिहार की राजनीति में 7 मई का दिन बड़ा बदलाव लेकर आने वाला है। राजधानी पटना के गांधी मैदान में प्रस्तावित सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सत्ता गलियारों में हलचल तेज हो गई है।सबसे अधिक चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर है। जानकारी के अनुसार, जदयू नेताओं के साथ हुई बैठक में निशांत ने मंत्री पद की जिम्मेदारी स्वीकार करने पर सहमति जता दी है।
शपथ ग्रहण 12 बजे के बाद हो सकता है शुरू
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे पटना पहुंचेंगे, जबकि शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12:10 बजे शुरू होने की संभावना है। गृह मंत्री अमित शाह एक दिन पहले ही पटना पहुंचकर मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दे सकते हैं। यह आयोजन इसलिए भी खास है क्योंकि 15 अप्रैल को जब सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब कार्यक्रम अपेक्षाकृत सादा और सीमित दायरे में आयोजित किया गया था। उस समय शीर्ष नेता विधानसभा चुनावों में व्यस्त थे, जिसके चलते समारोह को लो प्रोफाइल रखा गया। लेकिन इस बार की तैयारियां भव्य हैं, जो यह संकेत देती हैं कि सरकार अब पूरी के साथ जनता के सामने अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गठबंधन के भीतर संतुलन बनाने की कोशिश साफ तौर पर दिखाई दे रही है।
किस पार्टी के कोटे से कितने मंत्री होंगे?
सूत्रों के अनुसार, भाजपा को लगभग 12 मंत्री पद मिल सकते हैं, जबकि जनता दल (यूनाइटेड) को करीब 12 सीटें दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 3 और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा तथा राष्ट्रीय लोक जनता दल को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है।इस फार्मूले के जरिए एनडीए के सभी घटक दलों को संतुलित प्रतिनिधित्व देने की रणनीति अपनाई जा रही है।
निशांत कुमार लेंगे शपथ
संभावित मंत्रियों के नामों को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। भाजपा की ओर से विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह, राम कृपाल यादव और संजय सिंह जैसे नाम चर्चा में हैं। वहीं जदयू कोटे से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, जमा खां, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, बुलो मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, निशांत कुमार शपथ लेंगे। सहयोगी दलों की ओर से भी कई नाम सामने आ रहे हैं, जिनमें चिराग पासवान की पार्टी और जीतन राम मांझी के खेमे के नेता शामिल हैं। चिराग पासवान की पार्टी एलजेपीआर से संजय सिंह और संजय पासवान मंत्री पद की शपथ लेंगे। एलजेपीआर ने अपने दोनों मंत्रियों के नाम सीएम सम्राट चौधरी को भेज दिए हैं। पिछली नीतीश कैबिनेट में भी संजय सिंह और संजय पासवान एलजेपीआर से मंत्री थे।



