लोहरदगा: मैट्रिक की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले जैक बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड व मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की छात्र-छात्राओं को आज जिला प्रशासन लोहरदगा की ओर से नया समाहरणालय भवन के सम्मेलन कक्ष में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उपायुक्त ने कहा सफलता की यह पहली सीढ़ी है, मेहनत करने की इस आदत को आगे भी बनाये रखें। आपकी सफलता में जिनका योगदान रहा है उनके प्रति अपनी कृतज्ञता जरूर जाहिर करें। जीवन में जिस पद पर भी पहुंचें लेकिन अपने विद्यालय व गांव के विकास के लिए जरूर कुछ ना कुछ करें। आज की सफलता व्यक्तिगत नहीं बल्कि इसमें आपके मातापिता, शिक्षक आपके मित्रगण सभी का योगदान है।

प्रखण्ड व विद्यालय स्तर पर भी होगा कार्यक्रम
उपायुक्त ने कहा ऐसे कार्यक्रम में प्रखण्ड व विद्यालय स्तर पर भी आयोजित किये जाएंगे जिससे दूसरों को भी प्रेरणा मिले। इससे विद्यालय स्तर पर ही छात्र-छात्राओं में प्रतिस्पर्द्धा आएगी और वे बेहतर करने के लिए लगातार प्रयासरत होंगे।

शिक्षकों की कमी करेंगे दूर
उपायुक्त ने कहा कि जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है उन विद्यालयों में ऑनलाईन कक्षाओं का आयोजन कर के सिलेबस पूरा किया जाएगा। इस वर्ष शिक्षकों का एक पैनल तैयार किया जा रहा जो शिक्षक ऑनलाईन कक्षाएं लेंगे। इससे शिक्षकों की कमी दूर होगी और बच्चों को सिलेबस पूरा करने में सहयोग मिलेगा। बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष माध्यमिक परीक्षा के रिजल्ट में सुधार हुआ है। नये वर्ष में इस प्रदर्शन को और बेहतर किया जाएगा। बच्चों का सिलेबस समय पर पूरा कर ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए अलावा बच्चों के पर्सनलिटी डेवलपमेंट पर भी कार्य किया जाएगा।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
आज के कार्यक्रम में झारखण्ड अधिवद्य परिषद (जैक) बोर्ड में जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं में टॉप छह, सीबीएसई बोर्ड के टॉप तीन, आईसीएसई बोर्ड के टॉप तीन और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में से टॉप तीन छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किये। इसमें उन्होंने 10वीं बोर्ड में बेहतर प्रदर्शन का श्रेय अपने माता-पिता व शिक्षकों को दिया और अपने कॅरियर की योजना से सभी को अवगत कराया।






आज इस अवसर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमण्डल दण्डाधिकारी अमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार समेत सभी छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावकगण उपस्थित थे।


