रांचीः राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 22 वर्षीय युवक कमलेश कुमार की प्रेम-प्रसंग के चलते नृशंस हत्या कर दी गई।
हत्यारों ने न केवल युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसकी मौत के बाद उसके शरीर के निजी अंग (प्राइवेट पार्ट) को भी काट दिया। साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित मानकीढीपा के पास फेंक दिया गया।
शादी के सातवें दिन ही उजड़ा सुहाग
मृतक कमलेश कुमार मूल रूप से बिहार के नवादा (बेलवान) का रहने वाला था। वह पिछले करीब डेढ़ साल से अनगड़ा के राहे-हाहे रोड में अपने मौसा अनिल चौहान के साथ किराए के मकान में रह रहा था। कमलेश टाटीसिलवे की एक प्रसिद्ध आइसक्रीम फैक्ट्री (रोलिक) में चालक के तौर पर कार्यरत था। 25 अप्रैल को ही उसकी शादी नवादा में हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी को बिहार में ही छोड़कर 1 मई को अकेला रांची लौटा था, लेकिन 2 मई की रात उसकी हत्या कर दी गई।
बर्बरता की सारी हदें पार
पुलिस को मिले शव की स्थिति अपराधियों की नफरत और क्रूरता को बयां कर रही है। हत्या से पहले कमलेश को बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसका दायां पैर टूट गया।शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। हत्यारों ने हत्या के बाद धारदार हथियार से उसका निजी अंग काट दिया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका
मामले की जानकारी मिलते ही अनगड़ा और टाटीसिलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेज दिया। अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग का प्रतीत हो रहा है।बताया जा रहा है कि रांची में रहने के दौरान कमलेश का किसी विवाहिता के साथ प्रेम-संबंध था। इसी बीच कमलेश की शादी होने से मामला बिगड़ गया। थाना प्रभारी ने कहा कि जिस तरह से निजी अंग काटकर हत्या की गई है, उससे स्पष्ट है कि अपराधी मृतक के प्रति गहरी नफरत रखता था। उन्होंने कहा कि हम प्रेम-प्रसंग के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रहे हैं। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



