गुमला में हेमंत के ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम में उमड़ी भीड़

गुमला,मुख्यमंत्री  हेमन्त सोरेन गुमला के कसीरा पंचायत स्थित छापर टोली में आयोजित “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने आयोजित सभा में कहा कि “झारखण्ड की 80 प्रतिशत आबादी   गांव में बसती है। सरकार गठन से पूर्व मैंने कहा था हमारी सरकार का संचालन गांव और पंचायत से होगा।राज्यवासियों को सरकार की योजनाओं का लाभ देने के लिए, यहां के लोगों को प्रखण्ड कार्यालय और जिला मुख्यालय नहीं बुलाएगी बल्कि आपकी सरकार खुद आपके द्वार आकर आपकी समस्याओं का समाधान करेगी। “

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में छात्र-छात्राओं और युवाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। बेटियों की पढ़ाई नहीं छूटे, इसके लिए सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत आर्थिक सहयोग किया जा रहा है। वहीं उच्च शिक्षा के लिए गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना शुरू किया गया है। सरकार इस योजना के तहत अध्यनरत छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहयोग करेगी। राज्य सरकार यहां के दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक के बच्चों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए शत प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान कर रही है। वर्तमान में गुमला के चार बच्चे विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहें हैं। पूरे राज्य में पांच हजार उत्कृष्ट विद्यालय शुरू करने की योजना है। फिलहाल राज्य में 80 उत्कृष्ट विद्यालय का शुभारंभ कर दिया गया है।

IMG 3987

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में जिला स्तर पर कौशल विकास हेतु संचालित प्रशिक्षण केन्द्रों को प्रखंड स्तर पर शुरू किया गया है। बदलते समय और मांग के अनुरूप हुनरमंद होना जरूरी है। तकनीकी रूप से सशक्त होना होगा। ऐसा नहीं होने पर मानव की जगह मशीन ले लेगा। मुख्यमंत्री ने कहा खेल के क्षेत्र में राज्य के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहें हैं। हाल ही में महिला एशियन हॉकी चैंपियन ट्रॉफी की मेजबानी झारखण्ड ने की। यहां के खिलाड़ियों को आपकी सरकार सिर्फ आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि सरकारी नियुक्ति में भी आगे लाने पर विचार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पात्र वंचित गरीबों के आवास को स्वीकृति नहीं दी।  परंतु आपकी सरकार राज्य के जरूरतमंद आठ लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराएगी। हर गरीब का अपना आवास होगा। सरकार ने अबुआ आवास योजना के तहत 8 लाख गरीबों का अपना घर होने के सपने को पूरा करेगी। अगर जरूरत हुई तो योजना का दायरा और भी बढ़ाया जाएगा ताकि कोई भी जरूरतमंद बिना अपना आवास के न रहे। एक-एक पाई इकट्ठा कर जरूरतमंदों को आवास देंगे।

मुख्यमंत्री ने हड़िया, शराब निर्माण और बिक्री कार्य से जुड़ी महिलाओं से आग्रह करते हुए कहा कि ऐसे कार्य से जुड़ी महिलाएं अपने सर पर योजना की गठरी रखे। सरकार फूलो झानो आशीर्वाद  योजना के तहत 50 हजार रुपए इस कार्य से जुड़ी महिलाओं को उपलब्ध करा रही है ताकि ये भी सम्मानजनक आजीविका से जुड़ सकें।

बता दें कि गुमला में 625 करोड़ रुपए की लागत से 800 कि०मी० ग्रामीण सड़क एवं पथ निर्माण विभाग के तहत 300 करोड़ रुपए की लागत से 200 कि०मी० सड़क का निर्माण हो रहा है। झारखंड सरकार के मुताबिक़ नौ सिंचाई योजना का कार्य 242 करोड़ रुपए की लागत से हो रहा है। 25 हजार एकड़ भूमि सिंचित करने का लक्ष्य ऱखा गया है ।  विभिन्न पेंशन योजना के तहत 92225 लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिया गया है ।  सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 25, 332 किशोरियों को लाभ पहुँचा है। बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना के तहत 3804 लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिया गया है ।  मुख्यमंत्री पशुधन विकाए योजना के तहत 1050 लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्राप्त हुआ । साईकिल वितरण योजना के तहत 500 साईकिल का वितरण समेत अन्य लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिया गया । इस अवसर पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बादल पत्रलेख, गुमला विधायक भूषण तिर्की, सिसई विधायक जिगा सुसारण होरो, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, पुलिस उप महानिरीक्षक, उपायुक्त गुमला, आरक्षी अधीक्षक गुमला मौजूद थे ।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now